हिलसा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरीं, घंटों बाधित रहा रेल और सड़क यातायात
नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक बेपटरी हो गईं। इस घटना के बाद इस्लामपुर-फतुहा रेलखंड पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया, वहीं दूसरी ओर व्यस्त रेलवे फाटकों के बंद होने से सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, एक खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन ने हिलसा स्टेशन परिसर में प्रवेश किया, उसकी चार बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं। यातायात निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के वक्त मालगाड़ी की रफ्तार महज 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिसके कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्टेशन प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद GRP, RPF और रेलवे की तकनीकी टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान लगभग 5 घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा, जिससे दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस, पटना-इस्लामपुर लोकल पैसेंजर,इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस प्रभावित हुई।
ट्रैक बाधित होने के कारण हिलसा-चिकसौरा मार्ग और हिलसा-फतुहा मार्ग के रेलवे फाटक करीब तीन से पांच घंटे तक बंद रहे। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। हालांकि, स्थिति को देखते हुए कई वाहन चालकों ने बाईपास मार्ग का सहारा लिया।
राहत कार्य के बाद फिलहाल मुख्य लाइन पर ट्रेनों का परिचालन फिर से बहाल कर दिया गया है और क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाने का काम जारी है। लेकिन इस घटना ने रेलवे ट्रैक के रखरखाव पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रेलखंड पर पहले भी एकंगरसराय और सिगरियावां के पास ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में बार-बार होने वाले ये हादसे किसी बड़ी अनहोनी को आमंत्रण दे रहे हैं, जिसकी उच्च स्तरीय जांच बेहद जरूरी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें